भारत मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी के बाद जिला प्रशासन सतर्क, सभी अधिकारी हाई अलर्ट पर — आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय
टिहरी, 5 अक्टूबर 2025। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 5, 6 एवं 7 अक्टूबर 2025 को राज्य के कई जनपदों सहित जनपद टिहरी गढ़वाल में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज़ तूफान की संभावना व्यक्त की गई है।
इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ए.के. सिंह ने जिले के सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर तत्परता, सावधानी, सुरक्षा और आवागमन में नियंत्रण बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत कार्यवाही की जा सके।
अधिकारियों को हाई अलर्ट, आपदा प्रबंधन प्रणाली सक्रिय
अपर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट में रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मोटर मार्ग के बाधित होने या विद्युत, पेयजल जैसी सेवाओं में व्यवधान की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसे तुरंत बहाल किया जाए।
साथ ही सभी राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बने रहने तथा कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क में रहने को कहा गया है।
संवेदनशील ग्रामों और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्क दृष्टि बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
विद्यालयों और पर्यटक स्थलों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों में सावधानी और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि असामान्य मौसम या भारी वर्षा की स्थिति में उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति न दी जाए।
प्रमुख नदियों, सहायक नदियों और मौसमी नालों के जलस्तर का सतत निरीक्षण करने और खतरे की स्थिति बनने से पहले नदी तटों के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
भूस्खलन संभावित मार्गों पर उपकरण और राहत संसाधन तैयार रखें
प्रशासन ने भूस्खलन-प्रवण मार्गों पर मशीनरी और उपकरणों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायतराज विभाग को आदेश दिया गया है कि पंचायत सचिवों के माध्यम से प्रत्येक ग्राम सभा में यह चेतावनी प्रसारित की जाए।
नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में नालियों और कलवों के अवरोधों को तत्काल दूर करने को भी कहा गया है।
आपात स्थिति में संपर्क करें: जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र
किसी भी प्रकार की आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, आपदा नियंत्रण कक्ष, टिहरी गढ़वाल को दें।
संपर्क नंबर:
📞 01376-234793, 233433
📞 टोल फ्री: 01376-1077
📱 मोबाइल: 8126268098, 7465809009, 9456533332, 7983340807
