मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ, कहा—सरस मेला ग्रामीण आर्थिकी और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक
टिहरी, 13 अक्टूबर 2025
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान नई टिहरी में आयोजित सरस मेला 2025 के आठवें दिन सोमवार को प्रदेश के वन, तकनीकी शिक्षा, भाषा एवं निर्वाचन तथा संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, उपायुक्त ग्राम्य विकास संजय सिंह, डीएफओ नरेंद्रनगर दिग्नाथ नायक, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा तथा ब्लॉक प्रमुख थौलधार सुरेंद्र सिंह भंडारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
🌿 70 लाख 60 हजार रुपये के ऑर्डर, 10 क्रेताओं को सम्मानित किया गया
मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने अन्य अतिथियों के साथ मेले में स्थापित विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली।
इस दौरान आयोजित क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में 10 बल्क ऑर्डर लेने वाले क्रेताओं को सम्मानित किया गया, वहीं सम्मेलन में 70 लाख 60 हजार रुपये की खरीददारी के ऑर्डर भी दिए गए।
इस मौके पर सरस आजीविका मेला 2025 से संबंधित सूक्ष्म वीडियो का प्रसारण भी किया गया।
“महिलाएं सशक्त होंगी तो आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा” — सुबोध उनियाल
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मेले संस्कृति, परंपरा, कला और आर्थिकी को जोड़ने वाले माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी साकार होगा, जब महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर बनेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। कृषि क्षेत्र में तीन बार राज्य को पुरस्कार मिल चुका है, जिसका श्रेय राज्य की मेहनतकश महिलाओं को जाता है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आज उत्पादक और उपभोक्ता के बीच सीधा व्यापार संभव हो पाया है — यह “बढ़ते उत्तराखंड” की तस्वीर है।
सरस मेला ‘स्वदेशी अपनाओ अभियान’ को कर रहा सार्थक: प्रीतम सिंह पंवार
इस अवसर पर धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने सरस मेले के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह मेला प्रधानमंत्री के ‘स्वदेशी अपनाओ अभियान’ को स्थानीय उत्पादों के माध्यम से सार्थक बना रहा है।
कार्यक्रम में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया और स्कूली बच्चे रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, ईई लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता, बीडीओ नरेंद्रनगर श्रुति वत्स, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दर्शक और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेश गुसाईं द्वारा किया गया।
