संविदा फैकल्टी तैनाती प्रस्ताव को चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का अनुमोदन
शिक्षण और प्रशिक्षण गतिविधियों में होगा व्यापक सुधार
देहरादून, 13 अक्टूबर 2025।
राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में अब शिक्षण और प्रशिक्षण गतिविधियों को नई गति मिलने जा रही है। राज्य सरकार के सतत प्रयासों के तहत 9 विशेषज्ञ चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति के प्रस्ताव को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अनुमोदन दे दिया है।
इन नियुक्तियों से जहां मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की कमी पूरी होगी, वहीं एमबीबीएस छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और रोगियों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।
विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की साक्षात्कार समिति द्वारा वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से चयनित इन 9 विशेषज्ञ चिकित्सकों को राज्य सरकार ने मंज़ूरी प्रदान की है। ये सभी चिकित्सक तीन वर्ष की संविदा अवधि या नियमित नियुक्ति होने तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
चयनित विशेषज्ञ चिकित्सकों की विभागवार सूची इस प्रकार है –
- डॉ. कुलदीप सिंह लालर – कार्डियोलॉजी विभाग (प्रोफेसर)
- डॉ. देवेन्द्र कुमार – न्यूरोसर्जरी विभाग (प्रोफेसर)
- डॉ. इंदिरा यादव – रेडियोथैरेपी विभाग (प्रोफेसर)
- डॉ. सौरभ सचर – रेडियोडायग्नोसिस विभाग (एसोसिएट प्रोफेसर)
- डॉ. विक्की बख्शी – रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग (एसोसिएट प्रोफेसर)
- डॉ. शीबा राणा – ईएनटी विभाग (एसोसिएट प्रोफेसर)
- डॉ. निधि बहुगुणा – ऑब्स एंड गायनी विभाग (असिस्टेंट प्रोफेसर)
- डॉ. सुफीयां खान – नेत्र विभाग (असिस्टेंट प्रोफेसर)
- डॉ. छत्रा पाल – इमरजेंसी मेडिसिन विभाग (असिस्टेंट प्रोफेसर)
गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार की यह पहल मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत फैकल्टी तैनाती सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे कॉलेजों में न केवल शिक्षण-प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी बल्कि राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता भी सुदृढ़ होगी।
“राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 9 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी गई है। इनसे शिक्षण एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार होगा। राज्य सरकार का लक्ष्य सभी मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत फैकल्टी तैनाती सुनिश्चित करना है।”
— डॉ. धन सिंह रावत,
चिकित्सा शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार
