टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने किया रोजगार मेले का उद्घाटन, कहा—“ऐसे मेले युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं”
टिहरी/दिनांक 12 अक्टूबर, 2025।
पूर्णानंद स्टेडियम, मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल में सरस मेला 2025 के अवसर पर रविवार को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, तथा मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में 40 से अधिक नामी कंपनियों ने भागीदारी की और उन्होंने 5,000 से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा की।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने युवाओं व महिलाओं को किया प्रेरित
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के विकासपरक मेले युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलते हैं और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, और सरस मेला उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2023 में आयोजित सरस मेला की सफलता के कारण उत्तराखंड सरकार ने इस वर्ष पुनः इसका आयोजन इसी स्थान पर किया है।
विधायक किशोर उपाध्याय ने सराहा रोजगारपरक पहल
विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों के आयोजन से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं, साथ ही उनके कौशल का विकास भी होता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाएं।
1974 युवाओं को अब तक मिला रोजगार
जिला सेवायोजन कार्यालय टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में आयोजित इस मेले के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) टिहरी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि
पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
अब तक जनपद में 1,974 युवक एवं युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि 208 प्रशिक्षार्थी वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
लाभार्थियों के अनुभव और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 14 युवाओं ने मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए। साथ ही रमन सेवा समिति की छात्राओं एवं संस्कार सृजन स्कूल ढालवाला के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव, जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारीगण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
