सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश के साथ हुआ आयोजन
टिहरी/दिनांक: 02 अक्टूबर, 2025।
जिला कलेक्ट्रेट, नई टिहरी में आज महात्मा गाँधी जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों को याद करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार ने महात्मा गाँधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि गाँधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी और “जय जवान, जय किसान” का मंत्र आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है।
भजनों से गूंजा प्रांगण
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत गीत मण्डली द्वारा “रघुपति राघव राजा राम” जैसे भजनों की मधुर प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और वातावरण भक्तिमय बना दिया।
शपथ और प्रेरणा
अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार ने उपस्थित लोगों को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर सत्य और अहिंसा के पथ पर चलने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गाँधी जी और शास्त्री जी के जीवन मूल्यों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर राजस्व विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गोदम्बरी डबराल, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह, मुख्य प्रबंधक अजय पाल नेगी, मुख्य सहायक खेमचंद्र, वाई. के. धीमान, राजेंद्र, हीरा साजवान, गिरवीर नेगी सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर महापुरुषों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
