डीएम टिहरी के निर्देश पर तहसील भवन व इंटर कॉलेज गजा में शुरू हुई आधार कार्ड सेवा, अब स्थानीय लोगों को नहीं जाना पड़ेगा दूर
गजा/टिहरी।
नगर पंचायत गजा में आधार कार्ड बनाने और शुद्धिकरण की सुविधा का शुभारंभ हो गया है। यह व्यवस्था जिलाधिकारी टिहरी से किए गए अनुरोध के बाद संभव हो सकी।
अब नगर पंचायत गजा के तहसील भवन और इंटर कॉलेज में लोगों को आधार कार्ड बनाने के साथ ही नाम, जन्मतिथि और पते का शुद्धिकरण करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने बताया कि अब तक गजा व आसपास के क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए चंबा या नई टिहरी जाना पड़ता था, जिससे समय और धन की बर्बादी होती थी। उन्होंने कहा कि गजा में यह सुविधा शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
आधार कार्ड अपडेट करने का कार्य तहसील परिसर में रोहित सजवाण तथा इंटर कॉलेज गजा में सूचना सेवा केंद्र के प्रवीन पंवार द्वारा किया जाएगा। दोनों सीएससी केंद्रों के माध्यम से सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है।
