पोखरी (क्वीली): राजकीय महाविद्यालय पोखरी (क्वीली) में राष्ट्रीय सेवा योजना की एक इकाई का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत संविधान दिवस के उपलक्ष्य में प्रथम एक दिवसीय ओरिएंटेशन कैंप का आयोजन किया गया।
राजकीय महाविद्यालय पोखरी में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई का शुभारंभ
कैंप की शुरुआत प्राचार्य प्रोफेसर सुमिता श्रीवास्तव व एन०एस०एस० कार्यक्रम अधिकारी डॉ० राम भरोसे द्वारा बच्चो को संविधान दिवस की शपथ दिलाकर की गयी। भारत के संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की महत्ता बताते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ० राम भरोसे ने कहा कि अपनी नागरिकता को बनाएं रखने के लिए संविधान के प्रति सम्मान व सजग होना होगा।
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ० सेमवाल ने संविधान की प्रस्तावना पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व जिला समन्वयक प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए छात्रों हेतु राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्ता और उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार और समाज को जोड़ने जैसा महत्वपूर्ण काम एन०एस०एस० के स्वयंसेवियों द्वारा किया जाता है।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सुमिता श्रीवास्तव ने कहा कि एन०एस०एस० छात्रों के भावी जीवन मे उत्पादकता पैदा करने का महती कार्य करता है। इसलिए महाविद्यालय के अधिक से अधिक छात्रों को पंजीकरण कराना चाहिए। और भविष्य में एन०एस०एस० के समस्त कार्यक्रमों हेतु शुभकामनाएं ज्ञापित की।
इस कार्यक्रम में एन०एस०एस० के भावी कार्यक्रमों के विषय मे छात्र-छात्रों को विस्तृत जानकारी दी गयी। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ० विवेकानंद भट्ट, डॉ० बंदना सेमवाल, श्रीमती रचना राणा वरिष्ठ सहायक, रेखा नेगी कनिष्ट सहायक, अंकित कुमार आदि उपस्थित रहे।

