देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी ने किया स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ, गर्भवती महिलाओं, किशोर-किशोरियों और रक्तदाताओं को मिल रही विशेष स्वास्थ्य सेवाएँ।
टिहरी/दिनांक 26 सितम्बर, 2025। जिला स्वास्थ्य विभाग टिहरी गढ़वाल के तत्वाधान में चल रहे ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’’ के अंतर्गत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2025 तक विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।
इस क्रम में कल सीएचसी कीर्तिनगर में विशेषज्ञ शिविर, दिव्यांग शिविर, ब्लड डोनेशन शिविर और सामान्य स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। वहीं आज देवप्रयाग में आयोजित चिकित्सा शिविर का शुभारम्भ क्षेत्रीय विधायक विनोद कण्डारी ने किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएँ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि अब तक आयोजित चिकित्सा शिविरों में लगभग 46,599 लाभार्थियों द्वारा 5861 सेवाओं का लाभ लिया गया है। इनमें विशेष रूप से—
- 729 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण
- 4665 गर्भवती महिलाओं की जांच
- 1350 किशोर-किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच
- 574 रक्तदाताओं का पंजीकरण
- 831 टीबी की जांच
- 45 निश्चय मित्र का पंजीकरण
- 40 आभा आईडी
- 3154 विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से संबंधित परामर्श
- 3180 गैर संचारी रोगों की जांच शामिल है।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी दिनों में चिकित्सा शिविर निम्नलिखित स्थानों पर आयोजित होंगे—
- 27 सितम्बर – सीएचसी हिण्डोलाखाल
- 29 सितम्बर – सीएचसी प्रतापनगर
- 30 सितम्बर – सीएचसी चौंड
- 01 अक्टूबर – सीएचसी मदननेगी
- 02 अक्टूबर – सीएचसी बेलेश्वर
इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना और ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ की परिकल्पना को साकार करना है।
