भिलंगना ब्लॉक के दुर्गम क्षेत्र में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम, 346 छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी
ठेला नैल चामी , टिहरी गढ़वाल, 23 अगस्त 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड भिलंगना के दुर्गम क्षेत्र ठेला नैल चामी इंटर कॉलेज में आज NDRF और SDRF की संयुक्त टीम ने स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में लगभग 346 छात्र-छात्राओं और अध्यापक-अध्यापिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान टीमों ने प्रतिभागियों को आपदाओं से बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसमें प्राथमिक उपचार, CPR, स्टेचर के इंप्रोवाइजेशन तरीके, खोज और बचाव तकनीकें तथा विभिन्न उपकरणों के उपयोग की जानकारी शामिल रही। इसके साथ ही NDRF और SDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से डेमो और अभ्यास भी कराया, जिसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों— नितिन, सुभाष, संदीप, करन, रोहन, अंबिका, हिमानी, अर्चिता, तनिशा, सोनम, सिमरन, संगीता, नैनशी, आराध्या और खुशी आदि ने सक्रिय भागीदारी की।
NDRF टीम लीडर ने जानकारी दी कि श्री सुदेश कुमार ड्रॉल, कमांडेंट 15वीं बटालियन NDRF के दिशा-निर्देशों में पूरे उत्तराखंड में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। टिहरी जिले में यह अभियान 18 अगस्त से 02 सितंबर 2025 तक जारी रहेगा और लगभग 15 स्थानों पर कार्यक्रम होंगे।
जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से—
- 19 अगस्त से 24 अगस्त 2025 तक विकासखंड घनसाली,
- और 25 अगस्त से 02 सितंबर 2025 तक विकासखंड चंबा, थौलधार, प्रतापनगर और जाखनीधार में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ठाकुर (NDRF टीम), SDRF टीम घनसाली, और जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य प्रशिक्षक अनिल सकलानी ने भाग लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग की भूमिका, प्राथमिक तैयारी और आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों के बारे में जानकारी दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रीना ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “NDRF और SDRF की टीम द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी और भविष्य में लाभकारी साबित होगा।” विद्यालय प्रशासन ने NDRF, SDRF और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल का धन्यवाद ज्ञापित किया।
भिलंगना ब्लॉक के विद्यालय में कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न करने के बाद NDRF टीम अब आगामी 25 अगस्त 2025 से चंबा ब्लॉक के चयनित विद्यालयों में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित करेगी।
विशेष तथ्य
- कुल 346 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।
- प्राथमिक उपचार, CPR और बचाव तकनीकों का अभ्यास कराया गया।
- 18 अगस्त से 02 सितंबर 2025 तक टिहरी जिले में लगभग 15 स्थानों पर कार्यक्रम होंगे।
- अगला चरण 25 अगस्त से चंबा ब्लॉक के विद्यालयों में होगा।
