स्कूल सेफ्टी पर एकदिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
घोलडानी (टिहरी गढ़वाल), 15 अक्टूबर 2025
जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में प्रतापनगर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, घोलडानी में एकदिवसीय आपदा प्रबंधन एवं न्यूनीकरण/त्वरित राहत-बचाव कार्य और जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल से प्राप्त निर्देशों एवं अपर जिलाधिकारी तथा आपदा प्रबंधन अधिकारी के आदेशों के अनुपालन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन DDMA टिहरी के मास्टर ट्रेनर श्री अनिल सकलानी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री महानंद शर्मा, विद्यालय कार्मिक तथा 38 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रतिभागियों को क्षेत्र में संभावित प्राकृतिक आपदाओं — जैसे भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, अग्निकांड आदि — के प्रति सजगता, तैयारी एवं सुरक्षित व्यवहार के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि आपदा के पहले, दौरान और बाद में की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही, आपातकालीन प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार (First Aid), सी.पी.आर. तकनीक, स्ट्रेचर बनाना, तथा विद्यालय परिसर में सुरक्षित स्थान एवं निकासी मार्गों की पहचान के विषय में विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षण दिया गया।
सत्र के दौरान आपदा से पूर्व तैयारी, सुरक्षा उपायों एवं आपातकालीन टोल फ्री नंबरों — जैसे 108, 112, 1070, और 1077 — की भी जानकारी प्रदान की गई।
प्रधानाचार्य श्री महानंद शर्मा ने सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि —
“आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सजगता और पूर्व तैयारी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और जनहित की भावना को मजबूत करते हैं।”
