डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, 1 से 9 नवम्बर तक होंगे जिलेभर में विविध कार्यक्रम
टिहरी गढ़वाल/16 अक्टूबर 2025।
राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी राज्य स्थापना रजत जयंती सप्ताह एवं स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार देर सायं जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में पहली बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 1 नवम्बर से 9 नवम्बर 2025 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने और जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज विभाग को सोलर लाइट और यूसीसी जागरूकता कार्यक्रम की जिम्मेदारी
बैठक में तय किया गया कि पंचायतीराज विभाग ग्राम पंचायतों में अन्य विभागों के समन्वय से अंधेरे एवं जंगली जानवरों से खतरे वाले स्थानों पर सोलर लाइट लगाने की योजना बनाएगा।
साथ ही, समान नागरिक संहिता (UCC) के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को सैचुरेट मोड में लेकर जाने हेतु ग्राम स्तर पर व्यापक कार्यक्रम, बाल सभा, और प्रवासी गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
पर्यटन, आयुर्वेद और पूर्ति विभाग मिलकर करेंगे योगाभ्यास और नो-प्लास्टिक अभियान
डीएम ने निर्देश दिए कि पर्यटन, आयुर्वेदिक और पूर्ति विभाग आपसी समन्वय से डोबरा-चांटी पुल पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करें।
साथ ही पर्यटक स्थलों, होटलों और रेस्टोरेंट में नो-प्लास्टिक शपथ/संकल्प अभियान चलाते हुए कपड़े के बैग वितरित करने की योजना बनाई जाए।
शहरी निकायों और समाज कल्याण विभाग को मिले विशेष दायित्व
नगर निकायों को प्रमुख एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने और UCC के तहत पूर्ण सैचुरेशन का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वहीं समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि वे विशेष शिविर लगाकर दिव्यांग और वृद्धा पेंशन योजनाओं के अधिकतम पात्र लाभार्थियों को जोड़ें।
शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य विभागों की संयुक्त पहल
- शिक्षा विभाग को ब्लॉक स्तर पर पुस्तकालयों में “विजन 2050” विषय पर अभिभावक-छात्र गोष्ठियां आयोजित करने को कहा गया।
- खेल विभाग को नरेंद्रनगर, मुनिकीरेती और नई टिहरी में सॉफ्टबॉल, खो-खो और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश मिले।
- स्वास्थ्य विभाग को बाल विकास विभाग के सहयोग से एनीमिया, डायबिटीज और हाइपरटेंशन पीड़ितों के स्वास्थ्य सुधार हेतु पोषण आहार योजना तैयार करने और इलाज योजना लागू करने को कहा गया।
पर्यावरण और कृषि विभागों के लिए विशेष कार्यक्रम
डीएम ने डीडीओ को पोषण वाटिका और अमृत सरोवर से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को कहा।
वन विभाग को विशेष स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं कृषि, मत्स्य, पशुपालन और उद्यान विभागों को आपसी समन्वय से ब्लॉक स्तर पर गोष्ठियां आयोजित कर अधिकतम पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने को कहा गया।
बैठक में एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरूणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, सीईओ एस.पी. सेमवाल, सीएओ विजय देवराड़ी, एसडीएम संदीप कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने का उत्सव पूरे जनपद में जनसहभागिता, स्वच्छता, पर्यटन, स्वास्थ्य और विकास पर केंद्रित रहेगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को “जन सहयोग से रजत जयंती उत्सव को जन-जन का पर्व बनाने” का आह्वान किया।
