ऊंचाहार में सवैया धनी रेलवे क्रॉसिंग पर पटरी बदलते रेलकर्मी
जमुनापुर-चड़रई मार्ग से निकाले गए वाहन, पुलिस की तैनाती नहीं होने से राहगीरों को हुई परेशानी
रिपोर्ट: रवि शंकर सिंह, रायबरेली, उत्तर प्रदेश।
ऊंचाहार, रायबरेली। डलमऊ-ऊंचाहार मार्ग स्थित सवैया धनी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 1-ए पर मंगलवार को पटरी बदलने और मरम्मत का कार्य किया गया। इसके चलते क्रॉसिंग सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक करीब आठ घंटे बंद रही। इस दौरान सड़क मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जबकि रेलवे ट्रैक से ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया। वाहनों को वैकल्पिक मार्ग जमुनापुर-चड़रई से होकर निकाला गया।
क्रॉसिंग बंद होने के बाद रेलकर्मियों ने पुरानी पटरी उखाड़कर नई पटरी लगाने का कार्य शुरू किया। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से दिनभर मरम्मत का काम चलता रहा। निर्धारित समय पर शाम छह बजे कार्य पूरा होने के बाद क्रॉसिंग खोल दी गई, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।
वैकल्पिक मार्ग पर भटकते रहे वाहन चालक
क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रूट डायवर्जन वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने से वाहन चालकों को भी दिक्कत हुई। जमुनापुर चौराहे और सवैया तिराहे पर कई वाहन चालक वैकल्पिक रास्ते की जानकारी के लिए दुकानदारों से पूछते नजर आए।
स्थानीय स्तर पर क्रॉसिंग बंद होने की सूचना कई दिन पहले ही दे दी गई थी, इसके बावजूद रूट डायवर्जन वाले स्थानों पर उचित मार्गदर्शन की व्यवस्था नहीं दिखाई दी।
रेलवे ट्रैक पार करते दिखे बाइक और साइकिल सवार
क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान कुछ साइकिल और बाइक सवार गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते रहे। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रही। खबर के अनुसार, उन्हें रोकने के लिए आरपीएफ की ओर से भी कोई प्रयास नहीं किया गया।
वरिष्ठ खंड अभियंता इजहार कलीम ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर पटरी बदलने और मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। शाम छह बजे क्रॉसिंग को फिर से आवागमन के लिए खोल दिया गया।
