सिगटाली में गांधी और शास्त्री जयंती पर देशभक्ति का माहौल, स्वच्छता अभियान चलाकर दिया संदेश
विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने गांधी और शास्त्री के विचारों को अपनाने का लिया संकल्प
नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल। नरेंद्रनगर विकासखंड के सिगटाली में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री घनश्याम प्रसाद रतूड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत का गायन किया। गांधी और शास्त्री जी के सम्मान में लगाए गए देशभक्ति के नारों से विद्यालय परिसर का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में देहरादून जिले के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री कुलदीप भंडारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने परिसर की साफ-सफाई कर महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का संदेश दिया।
गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि
मुख्य कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं पुष्पार्चन प्रधानाचार्य घनश्याम प्रसाद रतूड़ी एवं कुलदीप भंडारी ने किया।
विद्यालय के विज्ञान अध्यापक श्री बरफ सिंह रावत ने गांधी और शास्त्री के जीवन एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद सभी ने मिलकर रामधुन का गायन किया।
श्री उत्तम सिंह नेगी ने विद्यार्थियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप भंडारी ने दोनों महापुरुषों के विचारों एवं कार्यों से प्रेरणा लेने की बात कही।
विद्यार्थियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में साक्षी, आशीष एवं आयुष ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती कुसुम जोशी ने सभी विद्यार्थियों को ट्रैकसूट प्रदान किए और उन्हें स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री वासवानन्द जोशी ने विद्यार्थियों को ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री विनोद प्रसाद थपलियाल ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने गांधी एवं शास्त्री के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री विशाल नेगी, श्री रामगोपाल नौटियाल, कुसुम जोशी, अमित चौधरी, कु. रुचिता, मोर सिंह रावत, उत्तम नेगी, विनोद थपलियाल, बी.एन. जोशी सहित वन विभाग से आए फॉरेस्टर एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
