राजकीय महाविद्यालय तेगड़ में छात्र परिषद का गठन, सूर्यप्रकाश जोशी अध्यक्ष चुने गए
अपेक्षा उपाध्यक्ष, नैनीश कैंतुरा सचिव और नैना सहसचिव बनीं; नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय तेगड़, लोस्तू, बढ़ियार, टिहरी गढ़वाल में छात्र-छात्राओं की सहभागिता एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्र परिषद का गठन किया गया। परिषद के गठन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।
छात्र परिषद में सूर्यप्रकाश जोशी को अध्यक्ष, अपेक्षा को उपाध्यक्ष, नैनीश कैंतुरा को सचिव, नैना को सहसचिव तथा अनुष्का को कोषाध्यक्ष चुना गया।
वहीं मुस्कान, सुहानी एवं मनीष सिंह कंडारी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को चुनाव प्रभारी कविता बिष्ट ने पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई।
विद्यार्थियों के हित में सक्रिय सहभागिता का संकल्प
शपथ ग्रहण के दौरान छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित माध्यम से महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने की बात कही।
नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम
प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुबोध कुमार ने नवगठित छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवगठित परिषद महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों के हित में रचनात्मक कार्य करेगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. दिनेश सिंह नेगी, डॉ. सृजना राणा, डॉ. राजेश भट्ट, श्री लक्ष्मण नेगी, श्री संदीप नेगी सहित महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
