जगतपुर के कल्याणपुर सुरजई गांव में पहुंचा छह फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने पकड़ा
रातभर ग्रामीणों ने की बाग की घेराबंदी, सुबह वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर गंगा नदी में छोड़ा
रायबरेली, रवि शंकर सिंह,परमार। जगतपुर क्षेत्र के जड़ैया मजरे के कल्याणपुर सुरजई गांव में रविवार रात एक मगरमच्छ पहुंचने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेत से निकलकर मगरमच्छ गांव के एक बाग में पहुंच गया। ग्रामीणों ने बाग की घेराबंदी कर उसे गांव की ओर आने से रोक दिया।
मगरमच्छ की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण पूरी रात सतर्क रहे। बच्चों को भी सुरक्षा के मद्देनजर घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सोमवार सुबह सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी रवि कुमार भारती, वन दारोगा आशीष मौर्य, आशीष कुमार यादव, विजय वर्मा और राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से बाग की घेराबंदी करते हुए रस्सी के सहारे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार मगरमच्छ की लंबाई करीब छह फीट थी और उसका वजन 50 किलोग्राम से अधिक बताया गया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का परीक्षण किया और उसे सुरक्षित रूप से गंगा नदी में छोड़ दिया।
धान के खेत में हलचल देखकर हुआ मगरमच्छ का पता
ग्रामीण हरिश्चंद्र गुप्ता और राहुल मौर्य ने बताया कि रविवार शाम धान के खेत में हलचल दिखाई दी। शुरुआत में उन्हें किसी चोर या जंगली जानवर के होने का अंदेशा हुआ। खोजबीन करने पर खेत में मगरमच्छ दिखाई दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए बाग की घेराबंदी कर दी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मगरमच्छ नदी से निकलकर गांव की ओर पहुंचा होगा। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक जल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
