शहीद सम्मान यात्रा (भाग-2) के अंतर्गत परिजनों, वीर नारी एवं ग्रामीणों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की
टिहरी/दिनांक 30 सितम्बर, 2025। अमर शहीद जगिंदर सिंह की स्मृति (जौनपुर ब्लॉक का भैंसवारी गाँव) में आज शहीद सम्मान यात्रा (भाग-2) के तहत उनके आंगन की मिट्टी एकत्रित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय नई टिहरी के सहायक अधिकारी कैप्टन बलवंत सिंह रावत (अवकाश प्राप्त) ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीद के परिजनों, वीर नारी किरण, भूतपूर्व सैनिकों तथा ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
श्रद्धांजलि अर्पण के उपरांत शहीद के आंगन की पवित्र मिट्टी को कलश में संकलित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद जगिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
