बौराड़ी स्टेडियम नई टिहरी में टूर्नामेंट का फाइनल मैच | जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया मैच का शुभारंभ | युवाओं को खेलों में भागीदारी और नशे से दूर रहने का आह्वान
टिहरी, 30 सितम्बर 2025।
बौराड़ी स्टेडियम नई टिहरी में आयोजित महादेव क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मंगलवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय लेने के बाद फाइनल मैच के पहले ओवर की पहली गेंद फेंककर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
डीएम ने आयोजन समिति और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट ग्रामीण अंचलों के युवाओं को मंच प्रदान करने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और नशे से दूर रहें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि बौराड़ी स्टेडियम के साथ-साथ जनपद के अन्य खेल मैदानों का भी जल्द ही सुधारीकरण व विकास कार्य किया जाएगा।
गौरतलब है कि ‘नशामुक्ति भारत अभियान’ के अंतर्गत जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से 14 सितम्बर से 17 दिवसीय महादेव क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। इसमें जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों की 21 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला बजरंग-11 और देवलसारी जाखणीधार की टीमों के बीच खेला गया।
टूर्नामेंट में विजेता टीम के लिए 51 हजार रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता टीम के लिए 21 हजार रुपये व ट्रॉफी, मैन ऑफ द सीरीज को 2100 रुपये व ट्रॉफी के साथ-साथ बेस्ट बैट्समैन, बॉलर और फील्डर को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन सिंह चौहान, आयोजन समिति अध्यक्ष मुकेश सहित मानेन्द्र, अजीम, मोहित मेहरा, रोहित मेहरा, रवि कुमार आदि मौजूद रहे।
