विद्यार्थियों से की स्वच्छता को आदत बनाने की अपील, प्रत्येक परिवार को दिए गए दो–दो डस्टबिन
टिहरी/दिनांक 03 दिसम्बर 2025
प्रत्येक बुधवार संचालित होने वाले साप्ताहिक सफाई अभियान के अंतर्गत आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने नगर पालिका चम्बा के बादशाहीथौल वार्ड संख्या 9 स्थित एसआरटी परिसर में पहुंचकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी की उपस्थिति में परिसर से प्लास्टिक की खाली बोतलें, रैपर तथा अन्य ठोस कचरा एकत्रित किया गया, जिसे नगर पालिका के कूड़ा वाहन के माध्यम से डम्पिंग ज़ोन भेजा गया।
विद्यार्थियों से संवाद, परिवारों को वितरित हुए डस्टबिन
जिलाधिकारी ने परिसर में मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्हें स्वच्छता को प्राथमिकता देने और अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कॉलोनी के प्रत्येक परिवार को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण हेतु दो–दो डस्टबिन भी वितरित किए।
उन्होंने कहा कि घर एवं परिसर को स्वच्छ रखने की आदत से न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता की संस्कृति विकसित होती है।
अभियान में प्रशासनिक व जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
सफाई अभियान में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे—
- ए.ए. बौड़ाई, निदेशक – एसआरटी परिसर
- शोभनी धनोला, अध्यक्ष – नगर पालिका परिषद चम्बा
- मो. असलम, जिला विकास अधिकारी
- प्रशांत कुमार, ईओ नगर पालिका चम्बा
- दीपक गुनसोला, सदस्य वार्ड संख्या 9
- शक्ति जोशी, सदस्य वार्ड संख्या 2
इसके अतिरिक्त नगर पालिका चम्बा के सफाई कर्मी, एसआरटी परिसर के कार्मिक, जनप्रतिनिधि, तथा बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।
