अल्मोड़ा में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिली गति, 1773 छात्राओं का हुआ सफल टीकाकरण
गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल, अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील
अल्मोड़ा, SKS News।
अल्मोड़ा जनपद में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को लगातार सकारात्मक सफलता मिल रही है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी एवं डॉ. नीरज की देखरेख में जिला अस्पताल अल्मोड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दौलाघाट में यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत हाल ही में बीरशेबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अल्मोड़ा की 25 पात्र छात्राओं का हवालबाग पीएचसी केंद्र में सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के बाद सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, एचपीवी संक्रमण तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व और लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए अत्यंत प्रभावी एवं सुरक्षित मानी जाती है और विश्वभर में इसका सफल उपयोग किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अल्मोड़ा जिले के सभी विकासखंडों में एचपीवी टीकाकरण अभियान निरंतर चल रहा है। अधिकांश ब्लॉकों में अभिभावकों और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी के चलते बड़ी संख्या में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है। हालांकि हवालबाग ब्लॉक में अभी भी कुछ पात्र छात्राएं टीकाकरण से वंचित हैं, जिन तक पहुंचने के लिए विभाग विशेष प्रयास कर रहा है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार पिछले दो महीनों में एचपीवी टीकाकरण के लिए चिन्हित 3009 पात्र छात्राओं में से 1773 छात्राओं को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अब तक किसी भी छात्रा में वैक्सीन का कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है, जिससे इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता प्रमाणित होती है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है और बेटियों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जानकारी के लिए संपर्क करें:
डॉ. नीरज
मोबाइल: 9410711350
