अल्मोड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों को दी स्वास्थ्य सेवाएं
ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति एवं उत्तरायणी फाउंडेशन की पहल, माइनर सर्जरी सहित निःशुल्क परामर्श और योग-आयुर्वेद से स्वस्थ जीवन का संदेश
अल्मोड़ा, 14 जुलाई 2026 | SKS News
रिपोर्ट: संजय पांडेय
अल्मोड़ा जनपद के पपरसेली क्षेत्र में ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति द्वारा उत्तरायणी फाउंडेशन के सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
शिविर में वरिष्ठ सर्जन डॉ. के. पी. कुनियाल एवं आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षिका डॉ. ज्योत्सना कुनियाल ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान लगभग 15 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक उपचार संबंधी सलाह तथा स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर के दौरान एक माइनर सर्जरी भी सफलतापूर्वक संपन्न की गई, जिससे स्थानीय लोगों को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सका।
चिकित्सकों ने उपस्थित ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास, आयुर्वेदिक जीवनशैली तथा विभिन्न रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन के प्रभावी उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित दिनचर्या, योग और संतुलित खान-पान अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति एवं उत्तरायणी फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
समिति ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, स्थानीय ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य की दिशा में ऐसे प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
