आतंकवादियों को फांसी देने की मांग को लेकर कांग्रेस ने टिहरी में निकाला कैंडल मार्च
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कांग्रेसजनों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, केंद्र सरकार से की कठोर कार्रवाई की मांग
टिहरी: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के नेतृत्व में गणेश चौक बौराड़ी में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। निर्दोष लोगों की जान लेना मानवता के खिलाफ अपराध है, हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि दोषियों को शीघ्र पकड़कर फांसी दी जाए।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा रावत ने कहा कि देशवासियों के मन को झकझोर देने वाली यह घटना अत्यंत निंदनीय है। बेगुनाह पर्यटकों को निशाना बनाना कायरता है और इसका जवाब सख्ती से दिया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट और महामंत्री विजय गुनसोला ने केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस संघर्ष में सरकार के साथ खड़ी है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष लखबीर सिंह चौहान और नवीन सेमवाल ने कहा कि देश के विकास में आतंकवाद एक बड़ी बाधा है, जिसे समाप्त करना अब अनिवार्य हो गया है।
कार्यक्रम में राकेश राणा, आशा रावत, विजय गुनसोला, शांति प्रसाद भट्ट, सैयद मुसर्रफ अली, देवेंद्र नौटियाल, लखबीर सिंह चौहान, नवीन सेमवाल, ममता उनियाल, अनिता शाह, सलोनी, बिमला, रिंकी, विश्वजीत सिंह नेगी, गब्बर सिंह नेगी, प्रदीप भट्ट, नीष पंत, यशवंत सिंह रावत सहित अनेक कांग्रेसजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
