आरसेटी नई टिहरी में जन जागृति सम्मेलन, ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
कौशल प्रशिक्षण के जरिए उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर; 60 प्रशिक्षणार्थियों और सफल उद्यमियों ने किया प्रतिभाग
टिहरी गढ़वाल, 18 अगस्त 2026। एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नई टिहरी में मंगलवार को जन जागृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई विकास भारती, प्रदेश मंत्री/उद्यमी सहकार भारती अवंतिका भण्डारी, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय एसबीआई नई टिहरी प्रदीप कुमार एवं आरसेटी निदेशक दीपक कोटियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण लेकर सफल उद्यमी बनने का आह्वान
मुख्य अतिथि विकास भारती ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आरसेटी के माध्यम से विभिन्न कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं एवं महिलाओं को भारतीय स्टेट बैंक की ओर से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश मंत्री एवं उद्यमी सहकार भारती की अवंतिका भण्डारी ने महिलाओं की क्षमता और प्रतिभा को पहचानने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और अपने उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
60 प्रशिक्षणार्थियों और सफल उद्यमियों ने किया प्रतिभाग
जन जागृति सम्मेलन में एमएआरईएलएम समूहों के 60 प्रशिक्षणार्थियों एवं सफल उद्यमियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
आरसेटी की ओर से सफल उद्यमियों को उनके कार्यों के लिए स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ पलायन को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
इस अवसर पर ग्रामीण वित्त समन्वयक चन्द्रप्रकाश डंगवाल, बीएमएम चन्द्रमणी उनियाल, बीएमएम पुष्पेन्द्र सिंह, एनआरएलएम से आईबीओआरटी सुशीला देवी सहित आरसेटी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
