एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी का औचक निरीक्षण: स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और पीडब्ल्यूडी कार्यालय में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
राजकीय विद्यालयों और डीआईईटी का किया निरीक्षण, छात्र संख्या बढ़ाने पर दिया जोर; लोक निर्माण विभाग कार्यालय में विलंब से पहुंचे कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण
नई टिहरी, 17 जुलाई 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्र संख्या बढ़ाने तथा सरकारी कार्यालयों में अनुशासन एवं अभिलेखों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए।
तीनों शिक्षण संस्थानों में सभी कार्मिक मिले उपस्थित
अपर जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टिहरी, राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तीनों संस्थानों में कोई भी शिक्षक अथवा कर्मचारी अनुपस्थित नहीं पाया गया तथा विद्यालय निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होते मिले। एडीएम ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक वातावरण एवं शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
घटती छात्र संख्या पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने पाया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टिहरी एवं राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में छात्र संख्या लगातार कम हो रही है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय की सहभागिता से छात्र संख्या बढ़ाने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों से किया संवाद
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में संचालित डीएलएड (D.El.Ed.) पाठ्यक्रम का निरीक्षण करते हुए एडीएम ने प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत की।
उन्होंने प्रशिक्षु शिक्षकों से कहा कि वे विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण के साथ अपने कौशल का विकास करें।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के कला एवं संस्कृति कक्ष, पुस्तकालय तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों का भी निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य दीपक रतूड़ी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
लोक निर्माण विभाग कार्यालय में मिलीं खामियां
इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD), बौराड़ी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का भी प्रातः 10:15 बजे औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि कुछ कर्मचारी निर्धारित समय तक कार्यालय नहीं पहुंचे थे। इस पर एडीएम ने विलंब से आने वाले एवं अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए।
अभिलेखों का रखरखाव और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कार्यालय में फील्ड कर्मचारियों की उपस्थिति एवं भ्रमण विवरण उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही पुराने अभिलेखों एवं दस्तावेजों का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकांश दस्तावेज धूल से ढके हुए मिले तथा कार्यालय की सफाई व्यवस्था भी कमजोर पाई गई।
अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय की स्वच्छता एवं रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार किया जाए।
निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता पर भी दिया जोर
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों में अनुशासन, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
