जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण
आमपाटा स्थित विद्यालय में 150 बालिकाएं आवासरत, सचिव दयाराम ने शिक्षा, खान-पान और आवासीय व्यवस्थाओं की ली जानकारी
आमपाटा, टिहरी गढ़वाल, 18 अगस्त 2026, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी के सचिव श्री दयाराम ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, आमपाटा, विकासखंड नरेंद्रनगर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन/प्रबंधक श्रीमती मधु नेगी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और छात्राओं से संबंधित जानकारी सचिव को दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की कुल 150 बालिकाएं निवासरत हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ बालिकाएं निकटवर्ती जूनियर हाईस्कूल में अध्ययनरत हैं, जबकि कुछ छात्राएं राजकीय इंटर कॉलेज जाजल और राजकीय इंटर कॉलेज डाबरखाल में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। विद्यालय में वर्तमान में कुल 12 स्टाफ सदस्य कार्यरत हैं।
छात्राओं की दिनचर्या और सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान सचिव एवं सीनियर सिविल जज दयाराम ने विद्यालय की दैनिक कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं तथा वार्डन से उनके खान-पान, शिक्षा, रहने और सोने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी दिनचर्या और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक बिंदुओं पर संबंधित स्टाफ से जानकारी ली।
बालिकाओं को कानून और विधिक सेवाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बालिकाओं को प्राधिकरण की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई। छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता एवं विधिक सेवा तंत्र के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में कानूनी जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति समझ विकसित करना रहा।
इस अवसर पर रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
