कांवड़ मेला 2026: शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए तैयारियां तेज
30 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले को लेकर जिलाधिकारी व एसएसपी ने की समीक्षा बैठक, सभी विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
नई टिहरी, 20 जुलाई 2026 | SKS News
आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की उपस्थिति में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ क्षेत्र से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष कांवड़ यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय से पूरी करें। उन्होंने चन्द्रभागा एवं खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि अस्थायी पार्किंग स्थलों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए तथा पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम एवं संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र की पार्किंग पर दबाव कम करने के लिए देहरादून पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आईडीपीएल सहित अन्य वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा राम झूला बंद किए जाने की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को दोनों जनपदों के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु को वन-वे संचालन के अनुरूप तैयार करने तथा समय पर व्यू-कटर लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, नगर पालिका मुनिकीरेती एवं नगर पंचायत तपोवन को निर्देश दिए कि कांवड़ क्षेत्र के सभी विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट पोल एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए।
सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने तथा पूर्व स्थापित सुरक्षा उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को मार्गों पर बाधा बनने वाले पेड़ों की लॉपिंग एवं चॉपिंग समय पर कराने तथा नीर वाटर फॉल को कांवड़ मेले की अवधि में बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण कर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। नगर निकायों को रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाने तथा अग्निशमन विभाग को सभी उपकरणों को पूर्णतः क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। देवप्रयाग संगम एवं कीर्तिनगर क्षेत्र में भी सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी तथा प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन समन्वय के साथ कार्य करेंगे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
एसएसपी ने सभी पार्किंग स्थलों, घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और सभी विभागों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ मेले की अवधि में पुलिस कंट्रोल रूम में विद्युत, पूर्ति, नगर पालिका, नगर पंचायत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का एक-एक कार्मिक तैनात रहेगा, जिससे किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, वर्चुअल माध्यम से उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर, सीओ नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, अधिशासी अधिकारी तपोवन एवं मुनिकीरेती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
