गजा घंटाकर्ण महोत्सव 2026 का भव्य समापन, पद्मश्री प्रीतम भरत्वाण के गढ़वाली गीतों पर झूमे हजारों दर्शक
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया पुरस्कार वितरण, संस्कृति संरक्षण और विकास को बताया महोत्सवों का मूल उद्देश्य
गजा (टिहरी गढ़वाल), डी.पी. उनियाल।
नगर पंचायत गजा में आयोजित द्वितीय गजा घंटाकर्ण महोत्सव-2026 का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हो गया। समापन दिवस पर प्रसिद्ध जागर गायक एवं पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकार प्रीतम भरत्वाण ने अपने लोकप्रिय गढ़वाली गीतों और जागरों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कीर्तन मंडली द्वारा भजन-कीर्तन से की गई। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
समापन समारोह के मुख्य आकर्षण रहे जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरत्वाण। उन्होंने घंटाकर्ण जागर से अपनी प्रस्तुति का शुभारंभ किया और उसके बाद “मेरु हिमवंत देश”, “पहाड़ प्यारो”, “बिंदुली”, “समधी जी मेरा नाती की जड़वान छ” तथा “ध्याणी बल कैमरा के बीच” जैसे लोकप्रिय गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी थिरकते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की लगातार फरमाइशें आती रहीं और प्रीतम भरत्वाण ने एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर चंबा ब्लॉक के ज्येष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, कनिष्ठ प्रमुख सरोज मखलोगा, सैनिक संगठन अध्यक्ष संजय रावत, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख साहब सिंह सजवाण, कृष्णा ममगांई, भूपेंद्र धनोला तथा सेवानिवृत्त कर्नल मूर्ति सिंह सजवाण का नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा शॉल, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
महोत्सव समिति ने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, विद्यालयों के शिक्षकों, प्रीतम भरत्वाण एवं उनकी टीम सहित विभिन्न अतिथियों को भी सम्मानित किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे महोत्सव हमारी सांस्कृतिक, पौराणिक और ऐतिहासिक धरोहरों को जीवित रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि महोत्सवों में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त होती है। मंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासदों, जनप्रतिनिधियों एवं आयोजन समिति की एकजुटता और समर्पण की सराहना की।
सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गजा क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर तहसीलदार विनोद तिवारी, अधिशासी अधिकारी रोहित परमार, नगर पंचायत कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महोत्सव समिति के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
