गजा-नकोट क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की मांग ने पकड़ा जोर, पंचायत भवन नकोट में जनप्रतिनिधियों की बैठक
फिपल्टी (कोटेश्वर के निकट) में राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की उठी मांग, क्षेत्रव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का लिया निर्णय
नकोट (टिहरी गढ़वाल), 27 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
टिहरी जनपद में प्रस्तावित राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर अब गजा, नकोट, मद्दे, मखलोगी, धारकरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में जनसमर्थन तेज़ी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पंचायत भवन नकोट में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कोटेश्वर के निकट फिपलटी क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को जोरदार ढंग से उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्था का निर्माण ऐसे स्थान पर होना चाहिए, जहां से जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी समान रूप से लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि फिपलटी क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त होने के साथ-साथ जनपद के विभिन्न हिस्सों से बेहतर संपर्क रखता है, जिससे बड़ी आबादी को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
गांव-गांव में चलाया जाएगा जनसंपर्क अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेडिकल कॉलेज की मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए गजा, चाका, पोखरी, कोटेश्वर सहित विभिन्न क्षेत्रों में क्रमवार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से स्थानीय जनता को प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के संभावित लाभों से अवगत कराया जाएगा तथा जनमत तैयार किया जाएगा।
प्रतिनिधियों ने कहा कि यह केवल किसी एक क्षेत्र की मांग नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च चिकित्सा शिक्षा एवं स्थानीय युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। इसलिए इस जनआंदोलन को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री और जिलाधिकारी को भेजा गया मांगपत्र
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल को संबोधित मांगपत्र प्रेषित किया गया। ज्ञापन में सरकार से आग्रह किया गया कि जनभावनाओं एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना फिपलटी क्षेत्र में की जाए।
जनप्रतिनिधियों ने रखे अपने विचार
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास भी गति पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर सभी जनप्रतिनिधि और नागरिक एकजुट हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, कनिष्ठ उप प्रमुख सरोज मखलोगा, कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान, सुनील चौहान, समाजसेवी दिलवीर मखलोगा, प्रधान चतर धनोला, युद्धवीर मखलोगा, सुरेंद्र सिंह चौहान, राजेश चमोली, बिन्नी नेगी, मानवेंद्र बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल कुठ्ठी, रमेश बैलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता कनिष्ठ उप प्रमुख सरोज मखलोगा ने की, जबकि संचालन जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने किया।
