चंबा के बुंराशवाड़ी वार्ड में श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ
भव्य कलश यात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई कथा, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
चंबा | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ | SKS News।
चंबा नगर के वार्ड नंबर-7 बुंराशवाड़ी में आज श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मातृशक्ति ने भाग लिया।
कलश यात्रा में ब्लॉक प्रमुख सुमन सज्वाण, नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, जगमोहन सिंह चौहान, सरोजनी जोशी गैरोला, शक्ति प्रसाद जोशी एवं राजपाल सिंह भंडारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
भक्ति भाव से निकली कलश यात्रा
चंबा की विभिन्न कीर्तन मंडलियों की महिलाओं एवं बड़ी संख्या में धर्मपरायण मातृशक्ति ने पारंपरिक एवं शास्त्रसम्मत परिधानों में कलश यात्रा निकाली। पूरे क्षेत्र में भक्ति गीतों, जयकारों और धार्मिक वातावरण की विशेष छटा देखने को मिली।
विधि-विधान से हुआ पूजन
कार्यक्रम में व्यासपीठ पर विराजमान आचार्य महेश कृष्ण चमोली एवं विद्वान ब्राह्मण मंडली का विधि-विधान से स्वागत किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
इस आयोजन में श्री नवदुर्गा कीर्तन मंडली की अध्यक्ष सुनीता देवी, वार्ड मेंबर सरोजनी जोशी गैरोला, शक्ति प्रसाद जोशी, नरेश पैन्यूली एवं राजवीर भंडारी की विशेष भूमिका रही।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
पुलिस लाइन से सटे सुगम स्थल पर भव्य यज्ञ पंडाल तैयार किया गया है। वार्ड नंबर-7 के अलावा चंबा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पुनीत आयोजन में शामिल हो रहे हैं। स्थानीय ग्राम गुल्डी से भी बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष आयोजन में भागीदारी निभा रहे हैं। इस अवसर पर रजनी मखलोगा, अरविंद सज्वाण, अंकित सज्वाण, जयवीर सिंह सज्वाण, एस.एल. सकलानी, राकेश मखलोगा, जोत सिंह मखलोगा, अरविंद मखलोगा, महेश पैन्यूली, अनिल भट्ट, कृष्णा सेमवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

