चंबा पुलिस प्रशासन की बढ़िया पहल, बाह्य व्यक्तियों के लिए चंबा चौक में लगाया सत्यापन कैंप
थानाध्यक्ष चंबा एल एस बुटोला कर रहें हैं स्वयं अनुश्रवण
सुबह से ही बड़ी संख्या में सत्यापन हेतु नजर आये बाह्य मजदूर और कामगार
चंबा, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’: पुलिस प्रशासन की ओर से आज चंबा चौक में बाह्य व्यक्तियों के सत्यापन हेतु कैंप का आयोजन किया। सत्यापन कैंप में सुबह से ही बड़ी संख्या में बाह्य मजदूरों, कामगारों,और किराएदारों का सत्यापन किया जा रहा है। बाह्य प्रदेशो और नेपाली मजदूर / किराएदार बड़ी संख्या में नजर आये। दस्तावेजों का पुलिस- प्रशासन निरीक्षणोपरांत फायल कर रहा है। यह एक शानदार पहल है।
उत्तराखंड में बढ़ती हुई आपराधिक घटनाओं के बाद यह जरूरी भी है। शासन-प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप कैंप आयोजित किया गया है। चंबा चौक में अस्थाई रूप से निवास करने वाले कामगारों, किराएदारों, ठेकेदारों, व्यवसायियों की सुविधा के लिए कैंप लगाया गया है। थानाध्यक्ष चंबा एल एस बुटोला स्वयं कैंप का निरीक्षण अनुश्रवण कर रहे हैं।
स्थानीय जागरूक लोग भी अपने किराएदारों का सत्यापन करवाने में मदद करते हुए दिखाई दिए। चंबा में बड़ी संख्या में बाह्य प्रदेशों और नेपाल मजदूर रोजगार की तलाश में रहते हैं। चंबा, विशेषकर तल्ला चंबा क्षेत्र में बड़ी संख्या में अन्य प्रदेशों के मजदूर और ठेकेदार किराएदार हैं उनके साथ समय-समय पर मजदूरों का आवागमन होता रहता है।
नगर पालिका की वोटर लिस्ट में भी पूर्व में बड़ी संख्या में बाह्य मजदूर और ठेकेदारों के नाम दर्ज हैं। यहां तक कि कुछ विदेशी मजदूरों ने तक आधार कार्ड बनवा लिए थे लेकिन प्रशासन की जागरूकता के बाद अब काफी अंकुश है। कुछ दिन पूर्व श्रीमान वरिष्ठ पुलिसअधीक्षक टिहरी गढ़वाल की अध्यक्षता में चंबा थाने में शहर के व्यापारियों और व्यक्तियों के बीच बैठक आयोजित की गई जिसमें अनेक मुद्दों पर चर्चा की गई थी। जिसमें सत्यापन का भी एक मुद्दा था। इस पर कार्यवाही गतिमान है।
चंबा पुलिस- प्रशासन समय-समय पर नशा मुक्ति,सड़क सुरक्षा, बाह्य मजदूरों का सत्यापन,जन सुविधा आदि अनेकों कार्यों में शानदार भूमिका निभाता रहा है, इसके बावजूद भी कोई व्यक्ति निर्देशों,कानून की अनदेखी करे तो स्वयं उत्तरदायी है।
