चंबा में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, प्रभात फेरियों से गूंजा शहर
विद्यालयों में देशभक्ति गीत, लोकगीत और नुक्कड़ नाटकों ने बांधा समां; शहीद श्रीदेव सुमन एवं वीसी गबर सिंह को दी श्रद्धांजलि
चंबा, टिहरी गढ़वाल, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’।। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंबा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने घोष एवं वाद्य यंत्रों के साथ प्रभात फेरियां निकालीं। देशभक्ति के नारों से गूंजते वातावरण ने पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। प्रभात फेरियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों और छज्जों पर नजर आए।
नगर पालिका चंबा में हुआ ध्वजारोहण
सुबह 9 बजे नगर पालिका चंबा में पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। नगर की विभिन्न संस्थाओं एवं सरकारी कार्यालयों में भी संस्थाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन किया।
विभिन्न विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, लोकगीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।
अमर शहीद श्रीदेव सुमन कॉलेज में भी हुआ कार्यक्रम
अमर शहीद श्रीदेव सुमन कॉलेज चंबा में प्रधानाचार्य आरएस नेगी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों एवं अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
विद्यालयों में देशभक्ति गीतों और नुक्कड़ नाटकों की धूम
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य इंद्रपाल सिंह परमार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अंजू चौहान, स्वामी विवेकानंद एकेडमी में आशा सिलस्वाल, ज्ञानदीप अकादमी में एसपी बहुगुणा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संस्थाध्यक्षों एवं निदेशकों ने ध्वजारोहण किया।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कई विद्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। इन प्रस्तुतियों की तैयारी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कई दिनों से की थी।
कार्यक्रमों में एनसीसी कैडेट्स ने भी अनुशासन एवं व्यवस्था में सहयोग करते हुए ड्रिल प्रस्तुत की। अभिभावकों की ओर से विद्यार्थियों को पारितोषिक एवं मिष्ठान वितरित किए गए।
श्रीदेव सुमन राज्य विश्वविद्यालय मुख्यालय एवं एसआरटी परिसर बादशाही थौल में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस और वन विभाग कार्यालयों में भी फहराया गया तिरंगा
पुलिस कोतवाली चंबा में थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा, पुलिस लाइन में इंस्पेक्टर अनिल कुमार, वन विभाग सकलाना रेंज में एमएस रावत तथा सुरकंडा रेंज में संजय सेमवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शहीद स्मारकों पर अर्पित की पुष्पांजलि
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीसी गबर सिंह चौक एवं श्रीदेव सुमन स्मारक पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, सैनिक संगठन अध्यक्ष संजय रावत, देव सिंह पुंडीर, इंद्र सिंह नेगी, संजय मैठाणी, सूरज राणा, नरेंद्र चंद रमोला, साब सिंह सजवाण, नीरज खत्री, वीरेंद्र सेमवाल सहित अन्य लोगों ने अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंबा में आयोजित कार्यक्रमों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
