चारधाम यात्रा से पहले चंबा में जन संवाद गोष्ठी, पार्किंग और ट्रैफिक जाम पर उठी चिंताएं
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों से किया आग्रह—यात्रियों के साथ करें सौम्य व्यवहार, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और स्वच्छता बढ़ाने पर जोर
चम्बा, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’। चारधाम यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन हेतु थाना चंबा की ओर से सत्कार सेलिब्रेशन हॉल में एक जन संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश लखेड़ा ने की, जिसमें व्यापार मंडल, नगर पालिका, होटल संगठन, टैक्सी यूनियन, समाजसेवी, पत्रकार और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी लखेड़ा ने व्यवसायियों से अपील की कि वे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करें। दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करने, सीसीटीवी लगाने, गाड़ियों की सही पार्किंग और स्वच्छता बनाए रखने जैसे निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष एलएस बुटोला ने यात्रा सीजन में की जा रही पुलिस व्यवस्थाओं की जानकारी दी और जन सहयोग की अपेक्षा जताई।
मुख्य मुद्दे जो उठाए गए:
- कद्दूखाल (सुरकंडा देवी मंदिर) में पार्किंग के अभाव में जाम की गंभीर समस्या
- महिंद्रा क्लब के पास सड़क किनारे अवैध पार्किंग से ट्रैफिक बाधित
- नगर पालिका की निष्क्रियता पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी
- कॉलेज रोड, गुल्डी रोड, ब्लॉक रोड पर दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर भी चिंता
- शहर में अनधिकृत खोखों से सौंदर्य और यातायात पर प्रभाव
पूर्व सैनिक संगठन, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, व्यापारी, सभासद और गणमान्य नागरिकों ने मिलकर शहर के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की।
