चारधाम यात्रा से पहले सख्ती: मिलावटखोरों पर 15 दिन का विशेष अभियान, डॉ. धन सिंह रावत के कड़े निर्देश
प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों की होगी सघन जांच, यात्रा मार्गों और बाजारों में बढ़ेगी निगरानी, व्यापार संघों के साथ चलाया जाएगा जनजागरूकता अभियान
देहरादून, 17 मार्च 2026।
उत्तराखंड में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेशभर में 15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
इस अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की सघन सैंपलिंग के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खासतौर पर आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों, बाजारों और कस्बों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मंत्री डॉ. रावत ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े होर्डिंग लगाए जाएं। साथ ही व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की जानकारी और टोल-फ्री नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य किया जाए।
उन्होंने “फूड सेफ्टी ऑन व्हील” मोबाइल वैन के माध्यम से जगह-जगह खाद्य पदार्थों की जांच करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा साप्ताहिक बाजार, हाट और मेलों में भी विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि खाद्य संरक्षा विभाग की विभिन्न गतिविधियों के लिए 7.34 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत जनजागरूकता अभियान, कार्यशालाएं, गोष्ठियां और “ईट राइट अभियान” संचालित किए जाएंगे।
📌 महत्वपूर्ण निर्देश:
चारधाम यात्रा मार्गों पर सख्त निगरानी
खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग
व्यापार संघों के साथ जागरूकता अभियान
मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन की तैनाती
बाजार, हाट और मेलों में विशेष निरीक्षण
प्रतिनियुक्ति से भरे जाएंगे खाद्य संरक्षा के रिक्त पद
डॉ. धन सिंह रावत ने विभाग में लंबे समय से रिक्त खाद्य निरीक्षक और अन्य पदों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर शीघ्र भरने के निर्देश दिए हैं, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
