टिहरी गढ़वाल में जनगणना-2027 की तैयारी तेज: 10 से 24 अप्रैल तक Self Enumeration की सुविधा, जानिए पूरी प्रक्रिया
25 अप्रैल से शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य, नागरिक अब ऑनलाइन स्वयं दर्ज कर सकते हैं अपनी जानकारी
टिहरी गढ़वाल, 13 अप्रैल 2026।
जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर टिहरी गढ़वाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 के बीच किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं एकत्रित करेंगे।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार पहली बार Self Enumeration (स्व-गणना) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक सक्रिय रहेगी, जिसके माध्यम से लोग अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इसके लिए एक विशेष वेब पोर्टल https://se.census.gov.in विकसित किया गया है, जहां नागरिक आसानी से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी भर सकते हैं।
💻 Self Enumeration (स्व-गणना) की पूरी प्रक्रिया:
- आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाएं और राज्य का चयन करें।
- कैप्चा कोड दर्ज करें और परिवार के मुखिया का नाम व 10 अंकों का मोबाइल नंबर भरकर पंजीकरण करें।
- ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें और अपनी भाषा चुनें।
- जिला, पिन कोड और ग्राम/नगर/स्थानीय क्षेत्र की जानकारी भरें।
- मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिन्हित करें।
- मकान सूचीकरण से संबंधित प्रश्नावली को सावधानीपूर्वक भरकर सबमिट करें।
- सफल सबमिशन के बाद आपको एक विशिष्ट SE ID प्राप्त होगी।
📢 प्रशासन की अपील:
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें अपनी SE ID अवश्य उपलब्ध कराएं ताकि आपके द्वारा भरे गए डाटा का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि अधिक से अधिक लोग 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 के बीच स्व-गणना कर इस डिजिटल पहल को सफल बनाएं और जनगणना-2027 को सटीक एवं प्रभावी बनाने में योगदान दें।
