सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, चारधाम यात्रा से पहले अधूरी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश
टिहरी, 26 अप्रैल 2025:
शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2024-25 के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं, उनके कारणों, चालान की स्थिति तथा पिछले निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा के लिए दिए गए प्रमुख निर्देश:
- बीआरओ को हिण्डोलाखाल (बगड़धार) में सड़क पर गिरे मलबे को तत्काल हटवाने का आदेश।
- लोनिवि (PWD) को जाख क्षेत्र में तुरंत क्रैश बैरियर लगाने और ग्रामीण मार्गों पर पैचवर्क एवं डिवाइडर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश।
- एआरटीओ को ओवरस्पीड चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अधिक चालान करने के आदेश।
- गुजराड़ा मार्ग पर दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा दीवार लगाने के निर्देश।
- सड़क किनारे प्रतिष्ठानों द्वारा पानी फेंकने पर नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई के आदेश।
- सड़क सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक बजट प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश।
चारधाम यात्रा की तैयारियों की स्थिति:
अधिकारियों ने जानकारी दी कि:
- एनएच-58 (सिंगटाली-कोडियाला मोटर मार्ग) पर पैचवर्क लगभग पूर्ण।
- पोखाल-मलेथा क्षेत्र में क्रैश बैरियर एक सप्ताह में लगना शुरू हो जाएंगे।
- ऋषिकेश-धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर नरेन्द्रनगर के पास क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण प्रारंभ।
- नीरगड्डू मोटर मार्ग पर साइनेज व क्रैश बैरियर लगाने हेतु सर्वे एवं इस्टीमेट तैयार।
- नरेन्द्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग पर चोरी हुए क्रैश बैरियर के मामले में एफआईआर दर्ज।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सड़कों का समग्र निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:
बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एएसपी जे.आर. जोशी, एसई लोनिवि मनोज बिष्ट, प्रभारी एआरटीओ राजेन्द्र, एसडीएम संदीप कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी जितेन्द्र भण्डारी सहित बीआरओ, लोनिवि, एनएच और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
