डीएम टिहरी ने नितिका खंडेलवाल श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का निरीक्षण कर डिजिटाइजेशन व बारकोडिंग के निर्देश दिए
पुस्तकालय विस्तार, पांडुलिपि संरक्षण और डिजिटल सर्च सिस्टम विकसित करने पर जोर, डीएम ने व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की
टिहरी | 20 जनवरी 2026
जनपद मुख्यालय टिहरी के बोराड़ी क्षेत्र में स्थित सुमन पुस्तकालय का मंगलवार को डीएम नितिका खंडेलवाल द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए इसे आधुनिक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में उपलब्ध लगभग 20 हजार अतिरिक्त पुस्तकों को सुव्यवस्थित ढंग से संजोने, दीमक से बचाव के लिए स्प्रे कराने, तथा सभी पुस्तकों का डिजिटाइजेशन एवं बारकोडिंग कर डिजिटल सर्च व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सर्च प्रणाली से पाठक अपनी मनचाही पुस्तक आसानी से खोज सकेंगे।
इसके साथ ही, कुछ अतिरिक्त पुस्तकों को ब्लॉक स्तरीय पुस्तकालयों में भेजने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में संरक्षित पांडुलिपियों के लिए एक पृथक सुरक्षित कक्ष तैयार करने, उनका उचित डिस्प्ले करने तथा कैटलॉगिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही, पुस्तकालय परिसर के बाहर लंबे समय से बंद पड़ी दुकानों को पुस्तकालय के विस्तार में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी से ड्रेनेज से संबंधित डीपीआर की जानकारी ली तथा पुस्तकालय परिसर में पड़े स्क्रैप सामग्री की एक माह के भीतर नीलामी कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दो छोटे पाठकों द्वारा स्पोर्ट्स एवं स्टार्टअप विषयों से संबंधित पुस्तकों की मांग रखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक पुस्तकें शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित जिम का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, प्रभारी अधिकारी पुनर्वास स्नेहिल कुंवर, टीएचडीसी उप महाप्रबंधक राकेश थपलियाल, शक्ति चमोली, शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, पुस्तकालय प्रभारी सुभद्रा नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

