कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सरकार का जताया आभार, रोपवे परियोजना को बताया क्षेत्र के विकास का नया अध्याय
गजा/टिहरी/नरेंद्रनगर, डी पी उनियाल : नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तपोवन से कुंजापुरी मंदिर रोपवे परियोजना को लेकर राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस रोपवे के तकनीकी संचालन एवं अनुरक्षण के लिए HTI GROUP की अंतरराष्ट्रीय फर्म Bartholet को चयनित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने जानकारी दी कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और तीव्र गति से बढ़ रहे पर्यटकों की संख्या को देखते हुए रोपवे परियोजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य में रोपवे विकास के तहत पहला पायलट प्रोजेक्ट होगी, जिससे पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।
परियोजना के लिए Bartholet फर्म स्वयं के खर्च पर आर्थिक अध्ययन कर तकनीकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करेगी। यह कंपनी मूल उपकरण निर्माता होने के साथ-साथ तकनीकी परामर्शदाता की भूमिका भी निभाएगी।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस परियोजना से न केवल तीर्थयात्रियों की यात्रा सुगम होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास के नए द्वार भी खुलेंगे। उन्होंने राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
