“नामांकन रद्दीकरण को लेकर जताई नाराजगी, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की मांग; जौनपुर ब्लॉक की घटना को बताया लोकतंत्र पर प्रश्नचिन्ह”
📍नई टिहरी | 20 जुलाई 2025
जिला कांग्रेस कमेटी नई टिहरी के एक शिष्टमंडल ने शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी टिहरी गढ़वाल से मुलाकात कर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 और जिले की वर्तमान स्थिति पर अपनी चिंता एवं असंतोष व्यक्त किया।
शिष्टमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सत्ता पक्ष के दबाव में आकर अन्य उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त किए जा रहे हैं, जो निर्वाचन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
विशेष रूप से जौनपुर ब्लॉक की भूतसी जिला पंचायत सीट का उल्लेख करते हुए शिष्टमंडल ने कहा कि एक महिला उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया गया था, जिसे बाद में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा चुनाव लड़ने और चुनाव चिन्ह आवंटित करने का आदेश मिला। कांग्रेस नेताओं ने इसे निर्वाचन प्रणाली की विश्वसनीयता पर सीधा प्रहार बताया।
शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से पारदर्शी और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की अपील की और निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक हस्तक्षेप को रोकने की मांग की।
👥 शिष्टमंडल में उपस्थित प्रमुख नेता:
- राकेश राणा (जिलाध्यक्ष)
- शांति प्रसाद भट्ट
- ज्योति प्रसाद भट्ट
- आनंद सिंह बेलवाल
- जयवीर सिंह रावत
- आशा रावत
- देवेंद्र नौडियाल
- ममता उनियाल
- नवीन सेमवाल
