ग्रामीण कस्बे नकोट में उमड़ा जनसैलाब, पारम्परिक गाजे-बाजों और हार्दिक स्वागत के बीच सरोज मखलोगा ने किया क्षेत्र के सुनियोजित विकास का संकल्प
नकोट, टिहरी।
स्वाधीनता के पर्व की देशभक्ति की गूंज के बीच नकोट कस्बा रविवार को एक बार फिर ऐतिहासिक उत्सव का साक्षी बना। चम्बा क्षेत्र पंचायत की नव निर्वाचित कनिष्ठ उप प्रमुख सरोज मखलोगा का यहां स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य अभिनन्दन किया गया।
मुख्य बाजार नकोट में आयोजित स्वागत समारोह में जनसैलाब उमड़ पड़ा। गगनभेदी जयकारों, पारम्परिक गाजे-बाजों और फूल मालाओं से सजी सरोज मखलोगा का स्वागत एक उत्सव में बदल गया। लोगों के उत्साह और समर्थन ने इस अवसर को अविस्मरणीय बना दिया।
जनसभा में भावनात्मक संबोधन
आयोजित जनसभा में कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और सरोज मखलोगा की जीत को जनता के विश्वास की जीत बताया। इस अवसर पर सरोज मखलोगा ने कहा—
“यह पद मेरे लिए जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है। मैं क्षेत्र के समुचित और सुनियोजित विकास के लिए अपनी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से कार्य करूंगी।”
गरिमामयी उपस्थिति
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र धनोला, क्षेत्र के सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत प्रधान, पूर्व प्रधान, वरिष्ठ नागरिक, भारी संख्या में महिलाएं, युवा शक्ति, जनप्रतिनिधिगण एवं कस्बे के व्यापारी उपस्थित रहे। जन सभा का संचालन नकोट के पूर्व प्रधान दौलत सिंह मखलोगा ने किया।
