प्रदेश के 1317 एलटी शिक्षकों को एक माह में मिलेगी नियुक्ति: डॉ. धन सिंह रावत
दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में प्राथमिकता से दी जाएगी तैनाती
विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश: नियत समय पर पूरी हों नियुक्ति प्रक्रियाएं
देहरादून, 27 फरवरी 2025
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा सहायक अध्यापक (एलटी) पद पर चयनित 1317 शिक्षकों को एक माह के भीतर नियुक्ति प्रदान की जाएगी। इन शिक्षकों को प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर तैनाती दी जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निर्देश दिया है कि विभागीय अधिकारी इस प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा करें।
डॉ. रावत ने जानकारी दी कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए यह नियुक्तियां आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि गणित, विज्ञान, हिंदी, इंग्लिश, संस्कृत, कला, संगीत, वाणिज्य, गृह विज्ञान, और व्यायाम जैसे विषयों के 1317 शिक्षकों का अंतिम चयन परिणाम घोषित किया गया है। इन सभी चयनित शिक्षकों की पहली तैनाती गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के दुर्गम और अति दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में की जाएगी।
दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
शिक्षा मंत्री ने कहा कि गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, और उत्तरकाशी जिलों तथा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, और अल्मोड़ा जिलों के दुर्गम विद्यालयों में इन शिक्षकों की तैनाती से शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। इसके अलावा, देहरादून जनपद के चकराता ब्लॉक और नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक के दुर्गम विद्यालयों में भी नियुक्ति दी जाएगी।
अवशेष पदों के चयन पर अदालत का इंतजार
डॉ. रावत ने बताया कि सेवा चयन आयोग को 1544 रिक्त पदों का अधियाचन भेजा गया था, जिसमें से 1317 पदों पर अंतिम चयन परिणाम जारी किया गया है। शेष पदों पर चयन परिणाम न्यायालय में लंबित याचिका के निस्तारण के बाद जारी किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सभी विद्यालयों में 100% शिक्षक नियुक्ति सुनिश्चित करना है ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके।
