मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रति जताई कृतज्ञता, पर्वतीय क्षेत्रों के चिकित्सकों के लिए अतिरिक्त भत्ता और सुरक्षा की मांग भी उठाई
देहरादून, 29 अगस्त 2025।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार से मिला और प्रदेश के 196 चिकित्सकों को स्पेशल ड्यूटी अलाउंस फॉर क्रिटिकल पोजीशन (SDACP) का लाभ दिए जाने पर आभार प्रकट किया।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव डॉ. रमेश कुँवर, डॉ. तुहिन, डॉ. यशपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
संघ के अध्यक्ष मनोज वर्मा और महासचिव डॉ. रमेश कुँवर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों से लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान हुआ है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की बड़ी पहल बताते हुए कहा कि यह निर्णय प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाक़ात कर धन्यवाद प्रकट करेंगे। बैठक में संघ ने स्वास्थ्य सचिव के समक्ष कुछ अन्य मांगें भी रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से –
- पर्वतीय क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों को 50% अतिरिक्त भत्ता
- सुगम व दुर्गम क्षेत्रों का स्पष्ट निर्धारण
- पदोन्नति हेतु नियमित DPC बैठकें
- अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा हेतु स्थायी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
संघ ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश का स्वास्थ्य तंत्र कई चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी सुरक्षा व पदोन्नति को प्राथमिकता देना सरकार की ज़िम्मेदारी है।
