कार्यक्रम के दौरान लगाए गए 750 पौधे, लगाए जा चुके हैं अब तक इस क्षेत्र में लगभग 5000 पौधे
टिहरी गढ़वाल, 20 अगस्त 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड हिंडोलाखाल के डंडा मायाली घड़ियाल धार में आज सामूहिक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। वन विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान और जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में लक्ष्य सोसाइटी द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें कुल 427 नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान 750 पौधे लगाए गए। यह सिलसिला पिछले दो वर्षों से जारी है और अब तक इस क्षेत्र में लगभग 5000 पौधे लगाए जा चुके हैं। उपस्थित लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर गहरा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने ऑनलाइन माध्यम से शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा— “पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।”
लक्ष्य सोसाइटी की सचिव मीनाक्षी असवाल ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, खंड विकास अधिकारी हिंडोलाखाल, वन क्षेत्राधिकारी माणिक नाथ, 15 ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विशेष तथ्य
- कुल 750 पौधों का वृक्षारोपण
- दो वर्षों में 5000 पौधों का रोपण
- 427 नागरिकों की सक्रिय भागीदारी
- लक्ष्य सोसाइटी और वन विभाग का संयुक्त प्रयास
