बाल देखरेख संस्थान ‘चिल्ड्रेन विलेज’ का सिविल जज ने किया निरीक्षण, बच्चों की व्यवस्थाएं मिली संतोषजनक
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम ने बच्चों से की सीधी बातचीत, स्वच्छता, शिक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बौराड़ी/नई टिहरी। रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल एवं सिविल जज (सीडी) श्री दयाराम ने शनिवार को बौराड़ी स्थित बाल देखरेख संस्थान “एसओएस चिल्ड्रेन विलेज” का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संस्थान में रह रहे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन, आवास एवं मनोरंजन संबंधी सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। निरीक्षण में संस्थान की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
38 बच्चों की हो रही है देखभाल
संस्थान इंचार्ज शशांक चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में संस्थान में कुल 38 बच्चे निवासरत हैं, जिनमें 14 बालिकाएं एवं 24 बालक शामिल हैं। बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग आवासीय भवनों में सुरक्षित एवं व्यवस्थित देखभाल की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला बाल कल्याण समिति के आदेश के उपरांत 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को संस्थान में प्रवेश दिया जाता है तथा 21 वर्ष की आयु तक उनकी देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाता है।
स्वच्छता एवं भोजन व्यवस्था मिली बेहतर
निरीक्षण के दौरान सचिव दयाराम ने बच्चों के आवासीय कक्षों, रसोईघर, स्नानागार एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। सभी कक्ष, किचन, बाथरूम तथा बच्चों के कपड़े एवं दैनिक उपयोग की सामग्री साफ-सुथरी एवं व्यवस्थित पाई गई।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाता है तथा उनके स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाता है।
शिक्षा एवं मनोरंजन की भी बेहतर व्यवस्था
संस्थान में रह रहे बच्चे निकटवर्ती विद्यालयों—सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर—में अध्ययनरत हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
संस्थान में बच्चों के लिए टेलीविजन, कैरम, लूडो, शतरंज सहित विभिन्न इनडोर गेम्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वे अपने खाली समय का रचनात्मक उपयोग कर सकें।
बच्चों से की व्यक्तिगत बातचीत
निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दयाराम ने बच्चों से अकेले में भी संवाद किया तथा संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके साथ किए जा रहे व्यवहार की जानकारी ली।
बच्चों ने बताया कि संस्थान में उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जाता है तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई।
विधिक सेवा प्राधिकरण बच्चों के अधिकारों के प्रति सजग
सिविल जज एवं सचिव दयाराम ने संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का निरंतर पालन किया जाए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, एसओएस चिल्ड्रेन विलेज के इंचार्ज शशांक चतुर्वेदी, पैनल अधिवक्ता पवना एवं अधिकार मित्र रीता सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
