भव्य मंचन के साथ शुरू हुई टिहरी रामलीला, राम-सीता जन्म प्रसंग ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
श्रद्धा और उत्साह के बीच हुआ रामलीला महोत्सव का शुभारम्भ, विधायक किशोर उपाध्याय रहे मुख्य अतिथि
टिहरी गढ़वाल, 22 मई 2026, SKS News।
टिहरी शहर में आयोजित रामलीला महोत्सव का शुभारम्भ श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ हुआ। प्रथम दिवस के मंचन में भगवान श्रीराम और माता सीता के जन्म प्रसंग सहित रावण, कुंभकर्ण एवं विभीषण की तपस्या और वरदान प्राप्ति के दृश्यों का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष एवं रामलीला समिति के संरक्षक मोहन सिंह रावत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
रामलीला के मंचन में कलाकारों ने रावण, कुंभकर्ण और विभीषण द्वारा भगवान ब्रह्मा की कठोर तपस्या एवं वरदान प्राप्ति के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद रावण द्वारा अपने अहंकार में कैलाश पर्वत उठाने के प्रयास का दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना। कलाकारों के सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी और संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
राम-सीता जन्म प्रसंग के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने अपने अभिनय से पौराणिक पात्रों को जीवंत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रामलीला का आनंद लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने आयोजन के लिए भव्य मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आदर्शों और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता जीतराम भट्ट, नगरपालिका सभासद प्रीति पोखरियाल, विद्या नेगी, जिला सूचना अधिकारी द्रवनीता शर्मा एवं जिला फूड एंड सेफ्टी कमिश्नर प्रमोद रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रामलीला समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, उपाध्यक्ष राकेश लांबा, सचिव अमित पंत, कोषाध्यक्ष सुनील बधानी सहित समिति के अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उपस्थित अतिथियों ने रामलीला समिति एवं कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को सांस्कृतिक विरासत को संजोने वाला प्रेरणादायक आयोजन बताया।
