जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल, कुपोषण उन्मूलन की दिशा में कदम
टिहरी गढ़वाल, 06 सितम्बर 2025।
महिला एवं बाल विकास विभाग, टिहरी गढ़वाल द्वारा आज मुनि की रेती ढालवाला क्षेत्र में पोषण अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों को पोषण किट वितरित की गई। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ-साथ 7 माह से 3 वर्ष तक एवं 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को भी पोषण किट प्रदान की गई।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या को समाप्त कर उन्हें संतुलित आहार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि—
- गर्भवती व धात्री महिलाएं और किशोरी बालिकाएं: सत्तु, पौष्टिक नमकीन, दलिया मिक्स, पौष्टिक उपमा, पौष्टिक मिलेट व खिचड़ी।
- 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चे: बाल भोग, हलवा मिक्स और पंजीरी।
- 3 वर्ष से 6 वर्ष तक के बच्चे: मिलेट लड्डू, बाल भोग, खिचड़ी, पौष्टिक मीठा दलिया एवं सत्तु।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर किरण राणा, कार्यकत्री बबली एवं अन्य संबंधित कर्मियों की उपस्थिति रही। उन्होंने लाभार्थियों को पोषण संबंधी जानकारी भी प्रदान की।
