राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में छात्र-छात्राओं को दी कृमि निवारण दवा एल्बेंडाजोल
अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रोवर्स-रेंजर इकाई एवं यूथ रेड क्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को कृमि निवारण दवाई एल्बेंडाजोल दी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.डी.गार्ग्य ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजकल के खान -पान को ध्यान में रखते हुए युवाओं को अपने स्वास्थ्य के विषय में जागरुक रहना चाहिए। कृमि मुक्त रहने के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में कृमि निवारण दवाई वितरित की जाती है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के जिला समन्वयक श्री मुकेश बगवाड़ी द्वारा छात्र-छात्राओं को कृमि से मुक्त रहने के विशेष उपाय बताए और एल्बेंडाजोल दवाई के सेवन के विषय में जानकारी दी गई।
उपरोक्त इकाइयों में नामांकित छात्रा-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में अपनी पूर्ण सहभागिता निभाते हुए कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में छात्र-छात्राओं को कृमि मुक्ति दिवस के विषय में जानकारी देने के साथ ही एल्बेंडाजोल दवाई का वितरण कार्य भी किया, जिसमें महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों का सहयोग रहा। महाविद्यालय के लगभग 700 विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल दवाई का वितरण किया गया।
इस अवसर पर रोवर्स-रेंजर इकाई की प्रभारी डॉ चंद्रकला नेगी, सदस्य डॉ परमजीत सिंह, डॉ प्रीति बर्तवाल और राष्ट्र सेवा योजना इकाई एवं यूथ रेड क्रॉस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ तनुजा मौर्य, सदस्य श्री जयवर्धन चौहान, स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
