राष्ट्रीय फलक पर चमक रहे प्रवासी उत्तराखंडी: मुंबई में डॉ. धन सिंह रावत ने किया प्रतिभाओं का सम्मान
शिक्षा व समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को मिला सम्मान | कैबिनेट मंत्री ने एचएलएल लैब का भी किया दौरा, उत्तराखंड में आधुनिक तकनीक लाने की घोषणा
मुंबई/देहरादून।
उत्तराखंड के प्रवासी लगातार राष्ट्रीय फलक पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। रविवार को महाराष्ट्र प्रवास के दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुंबई में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में प्रवासी उत्तराखंडियों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम उत्तरांचल महासंघ मुंबई द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासी उत्तराखंडी शिक्षकों व शिक्षाविदों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि “उत्तराखंड की प्रतिभाएं जहां भी जाती हैं, मेहनत, ज्ञान और संस्कारों की बदौलत नई पहचान और सम्मान अर्जित करती हैं। प्रवासी उत्तराखंडी आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपने कौशल का परचम लहरा रहे हैं।”
कैबिनेट मंत्री ने मुंबई जैसे महानगर में रहकर भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रवासियों का योगदान उल्लेखनीय है और भविष्य में उत्तराखंड के नौनिहालों के लिए उच्च कोटि की शिक्षा व्यवस्था बनाने में यह सहयोग अमूल्य साबित होगा।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पांच विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और भारतीय सेना में चयनित छात्र शामिल थे।
कैबिनेट मंत्री ने किया एचएलएल लैब का दौरा
अपने महाराष्ट्र प्रवास के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने नवी मुंबई स्थित एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड (हिन्द लैब) का भी दौरा किया। उन्होंने पैथोलॉजी लैब में स्थापित अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि HLL महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर “निःशुल्क लैब जांचों” की सुविधा दे रहा है।
डॉ. रावत ने कहा कि “उत्तराखंड के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में भी जल्द ही ऐसी उच्च स्तरीय पैथोलॉजी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है।”
