सहकारिता विभाग को मिले छह सहायक निबंधक, पर्वतीय जिलों में मिली पहली तैनाती
देहरादून, 1 अप्रैल 2025: उत्तराखंड सहकारिता विभाग को छह नए सहायक निबंधक मिले हैं, जिन्हें पर्वतीय जिलों में पहली तैनाती दी गई है। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित इन अधिकारियों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नव नियुक्त सहायक निबंधकों को बधाई देते हुए कहा कि उनके आने से प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा और सहकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
सहकारिता को नई दिशा देने की पहल
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार सहकारिता को मजबूत करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है। सरकार प्रशासनिक ढांचे को मजबूत कर सहकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में जुटी है, जिससे किसानों, काश्तकारों, महिलाओं और युवाओं को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
इन जिलों में हुई तैनाती
राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित सहायक निबंधकों की तैनाती निम्न जिलों में की गई है:
- सौरभ कुमार – पौड़ी गढ़वाल
- रोहित कुमार – अल्मोड़ा
- प्रियंका घनसेला – उत्तरकाशी
- आशीष – बागेश्वर
- प्रवीण रावत – चंपावत
- अंकित कुमार – पिथौरागढ़
प्रशिक्षण और कार्यभार की तैयारी
इन अधिकारियों को डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल में 12 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद सहकारी प्रबंध संस्थान, देहरादून में 43 दिन का इंडक्शन और ओरिएंटेशन प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे सहकारी योजनाओं और उनकी प्रभावी क्रियान्वयन प्रक्रिया को समझ सकें।
सहकारिता को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नव नियुक्त सहायक निबंधकों की नियुक्ति से सहकारिता के कार्यों में तेजी आएगी और विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा। इससे काश्तकारों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को ऋण वितरण में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि ‘सहकार से समृद्धि’ के मूल मंत्र को पर्वतीय क्षेत्रों में प्रभावी बनाने में इन अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
“नव नियुक्त जिला सहायक निबंधकों की तैनाती से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और राज्य में सहकारिता आंदोलन को मजबूती मिलेगी। साथ ही, सहकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग भी बेहतर हो सकेगी।”
— डॉ. धन सिंह रावत, सहकारिता मंत्री, उत्तराखंड
