ग्रामीण उद्यम प्रगति की ओर: टिहरी में बहुहितधारक कार्यशाला का आयोजन
टिहरी, 07 मार्च 2025
ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत आज बौराड़ी, नई टिहरी, स्थित एक होटल में बहुहितधारक मच/कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एनआरएलएम और ग्रामोत्थान रीप परियोजना के तहत गठित क्लस्टर स्तरीय फेडरेशनों से जुड़ी 250 ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।
स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की पहल
कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को राज्य, अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना था। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए विक्रेताओं ने राउंड टेबल बैठक में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने अपने उत्पादों की जानकारी दी। साथ ही, विक्रेताओं ने स्थानीय उत्पादों की मांग और उपलब्धता पर चर्चा की। महिलाओं द्वारा चीड पिरूल से बने उत्पाद, स्थानीय दालें, धूप, साबुन, शैंपू, जूट बैग और टोकरी जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
जिलाधिकारी की प्रेरणा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उपस्थित केता-विक्रेताओं, रीप कर्मियों और अन्य अधिकारियों को बधाई देते हुए ग्रामीण उद्यमियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यूनिट स्थापित करना एक लंबी प्रक्रिया है, लेकिन सही जानकारी से कम मेहनत में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर ग्रामीण उद्यमियों को यात्रा रूट पर उत्पादों का उत्पादन बढ़ाने का सुझाव दिया।
ग्रामीण महिलाओं के लिए योजनाएं
मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित ग्रामीण महिलाओं को ग्रामोत्थान रीप परियोजना और एनआरएलएम के माध्यम से लाभप्रद योजनाएं बनाने और आर्थिक लाभ अर्जित करने का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने केता-विक्रेताओं से व्यापारिक संबंध स्थापित करने की सलाह दी।
उपस्थित प्रमुख अधिकारी और विक्रेता
कार्यशाला में परियोजना निदेशक डीआरडीए पुष्पेंद्र सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डीके शर्मा, सरिता जोशी, जिला परियोजना प्रबंधक, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विक्रेताओं में डॉ. जीएस बुटोला, डॉ. विवेक जोशी, डॉ. प्रीति सिंह, शशि रतूड़ी, मोनिका पंवार, विपिन सिंह और आशा रावत मौजूद थे।
