चंबा में बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने दिखाई हरी झंडी, सैकड़ों लोगों ने तिरंगा लहराकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
चंबा, 14 अगस्त 2026, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’,। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रिमझिम बारिश के बीच चंबा नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित रैली को नगर पालिका परिषद चंबा की अध्यक्ष शोभनी धनोला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बारिश के बावजूद नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
रैली में नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से लोग जुड़ते गए। भारतीय जनता पार्टी मंडल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तथा व्यापार मंडल चंबा से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सैकड़ों तिरंगों से सजी रैली पुरानी टिहरी रोड पार्किंग से शुरू होकर श्रीदेव सुमन चौक, वी.सी. गबर सिंह चौक होते हुए नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
रैली से पूर्व वी.सी. गबर सिंह चौक पर भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सभा को संबोधित किया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए नागरिकों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त करनी चाहिए।
तिरंगा रैली में व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, सभासद शक्ति प्रसाद जोशी, अरविंद मखलोगा, महेश पैन्यूली, गौरव फोदणी, रचना सिलस्वाल, नीरज खत्री, ललित सुयाल, सोहनवीर सजवाण, विक्रम राणा, वीरेंद्र सेमवाल, अक्षत पवन बिजल्वाण, अनीता भंडारी, आशा थपलियाल, रेखा डोभाल, कमला बिष्ट, ओम प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
रिमझिम बारिश के बीच निकली इस तिरंगा रैली ने चंबा में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के रंग में रंग दिया।
