न्यू टिहरी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सीबीसी की फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन, तिरंगा रैली में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा; ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर लगी विशेष प्रदर्शनी
न्यू टिहरी, 14 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा न्यू टिहरी में आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।
प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : गणेश जोशी
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं गौरव की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने सीबीसी द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित करने के प्रयास की सराहना की।
तिरंगा रैली में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा
कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिरंगा रैली में चंबा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीदेव सुमन पार्क से निकली रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रैली के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया गया। रैली में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता एवं जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा जिम्मेदार एवं बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुईं रचनात्मक प्रतियोगिताएं
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज एवं देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।
मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। कविता, चित्रकला एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कविता प्रतियोगिता
- प्रथम: कुमारी आकृति, वीबीएस पब्लिक स्कूल
- द्वितीय: कुमारी अवंतिका, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल
- तृतीय: प्रतिमा चौहान, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
चित्रकला प्रतियोगिता
- प्रथम: आरुम हुसैन, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल
- द्वितीय: आरुषी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
- तृतीय: खुशी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
- प्रथम: रिद्धिमा, ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल
- द्वितीय: कुमारी फाइजा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
- तृतीय: रहनुमा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी में छलका इतिहास का दर्द
विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग टिहरी द्वारा भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन एवं उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदर्शनी में तस्वीरों एवं विवरणों के माध्यम से विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष तथा अपने घर-बार से बिछड़ने की मार्मिक कहानी को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर पाकिस्तान से विभाजन के पश्चात टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। यह अवसर भावुक कर देने वाला रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को विभाजन के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
